Live VNS

एमएमडीआर संशोधन संघीय ढांचे पर हमला : प्रदीप यादव

एमएमडीआर संशोधन संघीय ढांचे पर हमला : प्रदीप यादव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में एमएमडीआर संशोधन से जुड़े संकल्प पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने सदन की कार्यवाही के दूसरी पाली में एमएमडीआर संशोधन को संघीय ढांचे को कमजोर करने वाला और झारखंड की जनभावनाओं के खिलाफ बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य के संवैधानिक अधिकारों में जबरन हस्तक्षेप कर रही है।

प्रदीप यादव ने कहा कि भूमि और खनिज संसाधनों से जुड़े मामलों में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य को अपनी भूमि और खनिज संपदा पर कर निर्धारण सहित नीतिगत फैसले लेने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्यों के अधिकारों से जुड़े विषयों में केंद्र सरकार इस तरह हस्तक्षेप कैसे कर सकती है। उन्होंने राजस्थान के पुराने खनन और राजस्व प्रावधानों का भी उल्लेख किया।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अडाणी को एक रुपये की दर से जमीन दी गई। मध्य प्रदेश में भी जमीन आवंटन से राज्य को करीब पांच हजार करोड़ रुपये के नुकसान का दावा किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की नजर हीरा चोरी पर नहीं, बल्कि खीरा चोरी पर रहती है।

विधायक प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि 2014 से 2024 के बीच केंद्र सरकार ने झारखंड की आठ प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को रोक दिया और कई योजनाओं में केंद्रीय हिस्सेदारी घटा दी।

इससे राज्य के विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा पर निर्णय लेते समय केंद्र को झारखंड के हितों और राज्य सरकार के अधिकारों का सम्मान करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…