ऑड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का समापन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक पखवाड़ा-2026 का रविवार को ऑड्रे हाउस में रंगारंग समापन हुआ। पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के अंतिम दिन जिला स्तरीय नागपुरी गीत प्रतियोगिता हुई। इसमें रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों और स्कूलों से आए बालक-बालिकाओं ने नागपुरी सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में गीत और वाद्य संगीत की प्रस्तुतियां देकर झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक पेश की।
प्रतियोगिता में प्रसिद्ध नागपुरी पुरोधा शिव शंकर महली, मनपूरन नायक और देवदास विश्वकर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागी बच्चों का स्वागत किया। वहीं, डॉ. कमल बोस ने पूरे आयोजन का मंच संचालन किया।
समापन समारोह में जूरी सदस्य डॉ. कमल बोस और आशुतोष द्विवेदी ने निर्णायक मंडल के तीनों सदस्यों एवं अतिथियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रांची जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दो दिनों तक चले इस सांस्कृतिक महोत्सव में बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। मौके पर कई अधिकारी, पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar