रामगढ़ के 889 मतदान केंद्रों पर आयोजित हुआ ‘एक और अवसर’ विशेष कैंप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रामगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों का नाम शामिल करने के उद्देश्य से बुधवार को रामगढ़ जिले के 22-बड़कागांव और 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी 889 मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर’ विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया गया।
विशेष कैंप के माध्यम से वैसे पात्र भारतीय नागरिकों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिनका नाम किसी कारणवश सूची में चिह्नित हो गया है। इसके अलावा, दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद उपस्थित नहीं हो पाने वाले नागरिकों और ऐसे युवा नागरिकों को भी मौका दिया गया, जिन्होंने एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अब तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं।
कैंप के दौरान संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर ने नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। वहीं, बूथ लेवल एजेंट के सहयोग से पात्र नागरिकों को कैंप तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची को समावेशी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मताधिकार सुनिश्चित करना और मतदाता सूची में केवल योग्य नागरिकों का नाम शामिल करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश