Live VNS

भटकती मिली महिला को रामगढ़ पुलिस ने उपलब्ध कराया सुरक्षित आश्रय

भटकती मिली महिला को रामगढ़ पुलिस ने उपलब्ध कराया सुरक्षित आश्रय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- बेहतर देखभाल के लिए डिवाइन ओंकार मिशन के ओल्ड एज होम में रखा- परिजनों की तलाश होने तक देखभाल की रहेगी व्यवस्था

रामगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना भी है। रामगढ़ पुलिस ने इसी मानवीय जिम्मेदारी का परिचय देते हुए भटक रही एक महिला को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया। थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडेय के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को पहले आश्रय गृह और फिर बेहतर देखभाल के लिए डिवाइन ओंकार मिशन के ओल्ड एज होम में पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, बीती रात टायर मोड़ के समीप एक महिला अकेली और परेशान अवस्था में भटक रही थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रामगढ़ थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। सब इंस्पेक्टर बीरबल हेम्ब्रम और डब्ल्यूसीएच के झारखंड समन्वयक आकाश शर्मा वहां पहुंचे और महिला से बातचीत कर उसकी जानकारी ली। महिला ने अपना नाम रूपा रजक (38) बताया। उसने अपना पता मेघालय के शिलांग स्थित लेतुमखरा थाना क्षेत्र बताया। पूछताछ में पता चला कि वह घर से भटककर रामगढ़ पहुंच गई थी।

रात अधिक होने और महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उसे रामगढ़ स्थित आश्रय गृह में रखा। इसके बाद सुबह बेहतर देखभाल और सुरक्षा की व्यवस्था के तहत उसे डिवाइन ओंकार मिशन के ओल्ड एज होम में पहुंचाया गया। वहां परिजनों की तलाश होने तक उसकी देखभाल की व्यवस्था की गई है।

इस दौरान डब्ल्यूसीएच के झारखंड समन्वयक आकाश शर्मा ने महिला की काउंसलिंग की और उसके भोजन, वस्त्र तथा सुरक्षा का ध्यान रखा। वहीं, डिवाइन ओंकार मिशन के सचिव राजेश नागी ने महिला को आश्रय उपलब्ध कराने में सहयोग किया।

रामगढ़ पुलिस की इस पहल ने पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के आपसी समन्वय से मानवीय सहायता की मिसाल पेश की है। थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…