Live VNS

गुरु नानक देव के 557 वें प्रकाश पर्व पर सजा भव्य दीवान, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

गुरु नानक देव के 557 वें प्रकाश पर्व पर सजा भव्य दीवान, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा द्वारा सिख पंथ के पहले गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा मैदान में रविवार को भव्य विशेष दीवान सजाया गया।

गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा की ओर से दीवान की शुरुआत सुबह में स्त्री सत्संग सभा से हुई।

स्त्री सत्संग सभा में शीतल मुंजाल एवं डॉली गिरधर ने बाबा आखे हाजियां शुभ अमलां बाजों दोनों रोई... और घर घर बाबा गावीऐ वजन ताल मृदंग रबाबा...शबद गायन से हुई।

इस मौके पर गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल कमड़े और गुरु नानक बाल मंदिर स्कूल के बच्चों ने शबद गायन किया।

गुरुद्वारा के मुख्य ग्रन्थी ज्ञानी जेवेन्दर सिंह जी ने कथावाचन कर गुरु नानक देव जी की जीवनी के बारे में जानकारी दी।

दिल्ली से विशेष रूप से शिरकत करने पहुंचे रागी जत्था भाई गुरमनप्रीत सिंह जी ने रंगि रता मेरा साहिबु, रवि रहिआ भरपूरि, आपे रसीआ आपि रसु, आपे रावणहारु...और हर मन तन वसया सोई, जय जय कर करें सब कोई ..... एवं सबना का मां पयो आप है..जैसे कई शबद गायन कर समूह साध संगत को भाव विभोर कर दिया।

श्री आनंद साहिब जी के पाठ,अरदास, हुक्मनामा और कढ़ाह प्रसाद वितरण के साथ दोपहर में दीवान की समाप्ति हुई। इस मौके पर गुरु का अटूट लंगर चलाया गया जिसमें 12 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर लंगर चखा। लंगर की सेवा में स्त्री सत्संग सभा और गुरुनानक सेवक जत्था का विशेष योगदान रहा।

समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार ने दीवान में माथा टेका और साध संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए लोगों को गुरुनानक जी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। सभा के प्रधान अर्जुन देव मिढ़ा ने अतिथियों को सरोपा देकर सम्मानित किया।

इसके अलावा कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा मेन रोड के महासचिव गगनदीप सिंह सेठ, झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार ज्योति सिंह माथारू,रांची के विधायक सीपी सिंह, रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, सूचना आयुक्त तनुज खत्री, झामुमो महासचिव विनोद पांडे एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय सहित अन्य को गुरु घर का सिरोपा ओढाकर कर सम्मानित किया गया. सभी अतिथियों ने गुरु घर का लंगर चखा।

गुरु नानक बाल मंदिर स्कूल के मेधावी छात्र सम्मानित

मौके पर गुरुनानक बाल मंदिर स्कूल के प्रतिभाशाली बच्चों को मुखी मोहन लाल मिड्ढा स्मृति अवॉर्ड, स्वर्गीय गुरमुख दास मिढ़ा स्मृति अवॉर्ड और विशन सिंह सुखीजा एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड तथा स्व रणजीत सिंह बेदी मेमोरियल अवार्ड एवं स्वर्गीय ओम प्रकाश छाबड़ा एवं स्वर्गीय कांता देवी छाबड़ा स्मृति अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। मौके पर गुरु नानक सत्संग सभा की ओर से गुरु का अटूट लंगर चलाया गया जिसमें पंद्रह से अधिक लोगों ने गुरु का लंगर चखा।

विभिन्न संस्थाओं ने की सेवा

प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजन प्रांगण में श्री राधा कृष्ण मंदिर कमिटी ने चाय और बहावलपुरी पंजाबी समाज ने पानी का सेवा शिविर लगाया। पंजाबी हिंदू बिरादरी समाज ने सॉफ्ट ड्रिंक, समाज सेवी मृत्युंजय सिंह एवं डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने चाय सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की। वहीं कृष्णा नगर कॉलोनी के बच्चों ने जगह-जगह शिविर लगाकर शरबत एवं मिष्टान प्रसाद का वितरण किया।

साथ ही गुरु नानक सेवक जत्था की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में छह महिला सहित कुल 30 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।

दीवान की समाप्ति पर गुरुद्वारा मैदान से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया जिसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पुष्प सवारी पर विराजमान किया गया और पांच निशानची एवं पांच प्यारों की अगुआई में नगर कीर्तन रातु रोड,प्यादा टोली से होते हुए पीपी.कंपाउंड स्थित गुरु नानक स्कूल परिसर पहुंच कर रात में समाप्त हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…