रांची को देश का पहला फैटी लिवर मुक्त शहर बनाने के अभियान की शुरुआत २३ को करेंगे डॉ. सरीन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 22 नवंबर (हि.स.)।झारखंड की राजधानी रांची को देश का पहला फैटी लिवर मुक्त शहर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। इसके तहत फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान की शुरुआत की जा रही है। अभियान का उद्देश्य लोगों को फैटी लिवर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, इससे बचाव के उपाय बताना और बीमारी से पीड़ित लोगों को समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना है।
ये बातें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को पंडरा स्थित आवास में प्रेस वार्ता में कहीं।
सेठ ने बताया कि इस अभियान के तहत देश के जाने-माने लिवर विशेषज्ञ डॉ. एसके सरीन कल रांची पहुंचेंगे। वे सीसीएल हाउस, दरभंगा हाउस में आयोजित कार्यक्रम में रांची और झारखंड के लोगों को फैटी लिवर के कारण, लक्षण, बचाव और इलाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देंगे। कार्यक्रम में खास तौर पर युवाओं से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान फैटी लिवर के दो प्रमुख प्रकारों- अल्कोहलिक फैटी लिवर और नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। अल्कोहलिक फैटी लिवर का संबंध शराब के सेवन से है, जबकि नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर शराब का सेवन नहीं करने वाले लोगों में भी हो सकता है। खानपान में गड़बड़ी, मोटापा, शारीरिक गतिविधियों की कमी और मेटाबॉलिक समस्याएं इसके प्रमुख जोखिम कारक हैं।
सेठ ने बताया कि समय रहते इसकी पहचान और उपचार नहीं होने पर यह बीमारी लिवर में गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। कुछ मामलों में लिवर सिरोसिस और लिवर कैंसर जैसी जटिलताओं का खतरा भी बढ़ सकता है।
इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के संकल्प से जोड़कर देखा जा रहा है। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, बेहतर खानपान अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया जाएगा। इसका लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में स्वस्थ नागरिकों की भूमिका को मजबूत करना भी है। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर रहेगा कि फैटी लिवर से बचाव कैसे किया जाए, बीमारी होने पर समय रहते इसकी पहचान कैसे हो और इलाज के जरिए इसके खतरे को कैसे कम किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे