Live VNS

आपदा से फसल नुकसान का मिलेगा मुआवज़ा, 72 घंटे में दर्ज कराएं दावा: डीसी

आपदा से फसल नुकसान का मिलेगा मुआवज़ा, 72 घंटे में दर्ज कराएं दावा: डीसी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ के किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की मार से होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई बीमा कंपनी करेगी। अर्नब और अकवान साइक्लोन से हुए नुकसान की भी भरपाई होगी। बुधवार को डीसी ऋतुराज ने प्रेस वार्ता कर बताया कि किसानों को सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रामगढ़ जिले में किसानों को जागरूक किया जा रहा है।

योजना के तहत खरीफ मौसम में जिले के कुल 30,282 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन कर फसल बीमा कराया है।

वहीं, जिले में आयोजित विशेष शिकायत पंजीकरण शिविरों के माध्यम से अब तक फसल नुकसान से संबंधित कुल 417 शिकायतें दर्ज की गई हैं।

योजना के तहत किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, स्थानीयकृत जोखिमों तथा अन्य अधिसूचित घटनाओं से होने वाले फसल नुकसान के विरुद्ध वित्तीय सुरक्षा प्रदान की जाती है। हालांकि, योजना का लाभ केवल अधिसूचित एवं बीमित फसलों के लिए ही उपलब्ध है। खरीफ मौसम में धान और मक्का को अधिसूचित फसलों में शामिल किया गया था।

डीसी ने बताया कि रबी मौसम 2026-27 के लिए फसल बीमा नामांकन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है। इस सीजन में गेहूं, चना, सरसों और आलू की फसलों को बीमा योजना के दायरे में शामिल किया गया है।

किसानों को केवल एक रुपये की टोकन राशि जमा कर अपनी अधिसूचित फसल का बीमा कराने की जानकारी दी गई है। खरीफ फसल के लिए जिन लोगों ने बीमा नहीं कराया उनका आवेदन भी कैंप लगा कर लिया जाएगा ताकि उनकी सहायता हो सके।

योजना के तहत फसल नुकसान का दावा करने के लिए निर्धारित समय सीमा का पालन करना जरूरी है। ओलावृष्टि, जलभराव, बादल फटना, बिजली गिरना और स्थानीय स्तर पर होने वाली अन्य अधिसूचित प्राकृतिक आपदाओं से फसल को नुकसान होने पर किसान 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना दे सकते हैं। शिकायत दर्ज करते समय किसान का नाम, मोबाइल नंबर, बीमा आवेदन अथवा पॉलिसी संख्या, फसल और प्रभावित क्षेत्र का विवरण तथा बैंक खाते की जानकारी देना आवश्यक है।

वहीं, कटाई के बाद खेत में रखी गई कटी हुई फसल के बारिश अथवा अन्य प्रतिकूल मौसम के कारण भीगने या खराब होने की स्थिति में भी नियमानुसार मुआवजे का लाभ मिल सकता है। इसके लिए कटी हुई फसल को अधिकतम 14 दिनों तक खेत में सुखाने के लिए रखे जाने की स्थिति में नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है।

किसानों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर विशेष शिकायत पंजीकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में अधिक से अधिक किसानों को शामिल होने की अपील की गई है। शिविरों में बीमा, कृषि एवं प्रशासनिक अधिकारी किसानों को योजना की जानकारी देने के साथ शिकायत दर्ज कराने में सहयोग कर रहे हैं।

फसल नुकसान की सूचना क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, कृषि रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 14447 तथा बैंक, पैक्स, कृषि विभाग और बीमा कंपनी के माध्यम से दी जा सकती है। रबी फसल बीमा के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, मोबाइल नंबर, भूमि संबंधी दस्तावेज (गैर-ऋणी किसानों के लिए), बटाईदार अथवा किरायेदार किसानों के लिए आवश्यक घोषणा पत्र और फसल बुआई का विवरण उपलब्ध कराना होगा। किसान संबंधित बैंक शाखा, पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा अधिकृत बीमा कंपनी के प्रतिनिधि के माध्यम से नामांकन करा सकते हैं।

इस प्रेस वार्ता में जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्विनी कुमार ओझा, डीएसओ निशा सिंह मौजूद थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…