झारखंड के 13 जिलों में 19 और 20 नवंबर को बारिश के आसार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के 13 जिलों में 19 और 20 नवंबर को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह पूर्वानुमान जारी किया।
विभाग के अनुसार, बारिश की संभावना वाले जिलों में दक्षिणी और मध्यवर्ती झारखंड के जिले शामिल हैं। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी, गुमला, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं।
इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
शनिवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर बाद धूप खिल गई। सुबह हल्का कुहासा छाया रहा, जबकि दिन में हल्की ठंड महसूस की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम 18 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 16.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.5 और न्यूनतम 16.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.8 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak