राही मासूम रज़ा की जन्मशती पर 29 नवंबर को रांची में साहित्यिक-सांस्कृतिक समारोह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- हिंदी-उर्दू की साझा विरासत, भारतीयता और लोकतांत्रिक चेतना पर होगा विमर्श
रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। महान साहित्यकार डॉ. राही मासूम रज़ा की जन्मशती के उपलक्ष्य में आगामी 29 नवंबर 2026 को रांची के एचआरडीसी, चर्च कॉम्प्लेक्स, गोस्सनर में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया जाएगा। जनवादी लेखक संघ, प्रगतिशील लेखक संघ, जन संस्कृति मंच और अंजुमन तरक़्क़ी उर्दू (हिंद) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में हिंदी-उर्दू की साझा विरासत, भारतीयता, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक चेतना पर विमर्श होगा।
आयोजक एमजेड आलम ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि समारोह तीन सत्रों में आयोजित किया जाएगा। पहले सत्र में 'राही मासूम रज़ा का साहित्य और आइडिया ऑफ इंडिया' विषय पर प्रियदर्शन, डॉ. रवि भूषण समेत अन्य साहित्यकार अपने विचार रखेंगे। दूसरे सत्र में राही मासूम रज़ा के उपन्यासकार, शायर, पटकथा लेखक और विचारक के रूप में उनके व्यक्तित्व पर चर्चा होगी। इसमें पूर्व सांसद सुभाषिनी अली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
अंतिम सत्र शाम चार से छह बजे तक आयोजित होगा। इसमें कवि सम्मेलन सह मुशायरा होगा, जिसमें हिंदी, उर्दू के साथ जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं के कवि-कवयित्रियां अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
आयोजकों ने साहित्यकारों, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों और भाषा प्रेमियों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar