एसएससी परीक्षा को लेकर रांची के तीन केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से रांची के तीन परीक्षा केंद्रों पर 23 नवंबर से एक दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर निषेधाज्ञा लागू की गई है।
अनुमंडल दंडाधिकारी सदर कुमार रजत ने बुधवार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। यह आदेश प्रतिदिन सुबह 6.30 बजे से रात नौ बजे तक प्रभावी रहेगा।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सब-इंस्पेक्टर एवं जूनियर इंजीनियर (टेलीकम्युनिकेशन) की परीक्षाओं के निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। रांची में कैपस्टोन टेक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र, कांके स्थित आइडियल इंटरनेशनल स्कूल और एसडीजेड इन्फोटेक-1, रामपुर, गोंदके को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
निषेधाज्ञा लागू होने के दौरान पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह जमा होने, ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग, अस्त्र-शस्त्र एवं लाठी-डंडा जैसे हथियार लेकर चलने और बैठक या आमसभा आयोजित करने पर रोक रहेगी।
सरकारी कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों और निर्धारित अपवादों को इससे छूट दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar