झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत रांची जिले में सोमवार को ग्रामीण विकास, कृषि, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण, खेल और स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पंचायती राज विभाग के निर्देश पर जिले की पंचायतों में नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। नगड़ी के देवरी पंचायत में पोषण पखवाड़ा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वच्छता शपथ का आयोजन हुआ।
पशुपालन के क्षेत्र में विभिन्न प्रखंडों में 1,023 बकरियों का टीकाकरण एवं डीवर्मिंग की गई। वहीं कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र और आत्मा के संयुक्त तत्वावधान में बेड़ो, मांडर, बुढ़मू और ईटकी समेत कई प्रखंडों में रबी कार्यशालाएं आयोजित हुईं। किसानों को उन्नत खेती, जैविक खाद, बीज, फसल बीमा और सिंचाई योजनाओं की जानकारी दी गई।
पलाश-जेएसएलपीएस ने महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन, किचन गार्डन किट वितरण, रक्तदान और वित्तीय प्रबंधन संबंधी गतिविधियां संचालित कीं। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ।
इसमें पांच जिलों के 600 खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेलों में भाग लिया। इसके अलावा जोन्हा जलप्रपात में स्वच्छता अभियान और रांची के रामलखन सिंह यादव कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पंचायत से लेकर प्रमंडल स्तर तक हुए इन कार्यक्रमों में किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar