Live VNS

खेत बचाओ अभियान में विद्यार्थी और किसानों की हो रही भागीदारी

खेत बचाओ अभियान में विद्यार्थी और किसानों की हो रही भागीदारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस समारोह पखवाड़े के तहत रांची जिले में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और कृषि विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर विभिन्न विभागों के समन्वय से चल रही गतिविधियों में विद्यालयों के विद्यार्थियों और किसानों की भागीदारी हो रही है। जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, राज्य आंदोलनकारियों के योगदान और स्थापना के महत्व की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें स्वच्छता अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई जा रही है।

इधर, कृषि विभाग जिले के सभी प्रखंडों में खेत बचाओ अभियान चला रहा है। इसके तहत किसानों के बीच बीज वितरित किए जा रहे हैं और रबी फसल का आच्छादन क्षेत्र बढ़ाने एवं उत्पादन सुधारने पर चर्चा की जा रही है। बुढ़मू प्रखंड की सार्ले पंचायत में दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन के तहत आयोजित प्रशिक्षण में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक ने 51 किसानों को समेकित कृषि प्रणाली की व्यावहारिक जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…