Live VNS

एसबीआई के पूर्व मैनेजर 93 लाख के फर्जी लेनदेन के आरोप में गिरफ्तार

एसबीआई के पूर्व मैनेजर 93 लाख के फर्जी लेनदेन के आरोप में गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दुमका, 27 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक रहते करीब 93 लाख रुपए के संदिग्ध लेनदेन के मामले में आरोपित सुनील कुमार झा को छत्तीसगढ़ एसीबी की टीम ने शुक्रवार को दुमका से गिरफ्तार किया।

नगर थाना क्षेत्र के रसिकपुर मुहल्ले स्थित उनके आवास पर पहुंची एसीबी की टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें अपने साथ छत्तीसगढ़ ले गई। आरोपित के खिलाफ वर्ष 2020 में कोरबा में भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

जानकारी के अनुसार मामला उस समय का है, जब सुनील कुमार झा एक जून 2018 से एक अगस्त 2019 तक कोरबा जिले में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में मुख्य शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अपने पद और बैंकिंग अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए कई खातों के माध्यम से संदिग्ध लेनदेन किया। जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, खुद और अपनी पत्नी के नाम के अलावा वाहन चालकों और अन्य लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए।

इन खातों के जरिए करीब 93 लाख रुपए का लेनदेन किया गया। आरोप लगाया गया है कि बैंकिंग प्रक्रिया का उल्लंघन करते हुए फर्जी वाउचर और दस्तावेजों के सहारे रकम का स्थानांतरण किया गया। इससे बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचा। मामले में भारतीय दंड संहिता के अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है।

उल्लेखनीय है कि सुनील कुमार झा दुमका के रसिकपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…