Live VNS

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना से छह लाभुकों को मिली दुधारू गाय

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना से छह लाभुकों को मिली दुधारू गाय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रामगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत मंगलवार को छह लाभुकों के बीच दुधारू गायों का वितरण किया गया।

उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार जिला गव्य विकास कार्यालय, रामगढ़ परिसर में आयोजित कार्यक्रम में चयनित लाभुकों को योजना का लाभ दिया गया।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को पशुपालन के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आय के अतिरिक्त साधन विकसित करना है। दुधारू गाय मिलने से लाभुकों को दुग्ध उत्पादन के जरिए नियमित आमदनी अर्जित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने लाभुकों को दुधारू पशुओं के रखरखाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्हें पशुओं को संतुलित और पौष्टिक आहार देने, नियमित टीकाकरण कराने एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी गई। पदाधिकारियों ने कहा कि पशुओं की उचित देखभाल और वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन अपनाकर लाभुक अपनी आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…