सोनिया की पुस्तक प्रेम और संघर्ष की प्रेरक गाथा : कमलेश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी की पुस्तक बीलॉन्गिग ए जर्नी ऑफ लव को प्रेम, अपनत्व, त्याग, संघर्ष और भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरक जीवनगाथा बताया है।
उन्होंने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह पुस्तक महज एक राजनीतिक संस्मरण नहीं, बल्कि एक ऐसी असाधारण जीवन यात्रा का दस्तावेज है, जो यह बताती है कि भारतीयता किसी व्यक्ति के जन्मस्थान से नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, विविधता, परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों और यहां के लोगों के प्रति उसके समर्पण से निर्मित होती है।
कमलेश ने कहा कि इटली के एक छोटे से कस्बे में जन्मी सोनिया गांधी का भारत आना, भारतीय परिवार और संस्कृति को आत्मसात करना और देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करना असाधारण यात्रा है।
राजीव गांधी के प्रति प्रेम, इंदिरा गांधी के साथ आत्मीय संबंध और राजीव गांधी की असामयिक हत्या जैसी व्यक्तिगत त्रासदी के बावजूद सार्वजनिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना उनके धैर्य, साहस और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak