Live VNS

विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता युवा सम्मानित

विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता युवा सम्मानित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रामगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। युवाओं में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को सिदो-कान्हू स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर एवं भारतीय खेल प्राधिकरण रांची की कमलेश ठिकाना ने किया। इस दौरान संजीत कुमार ने कहा कि खेल उत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को निखारना है। वहीं कमलेश ठिकाना ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल के मैदान में अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की।

प्रतियोगिता में बालक वर्ग के लिए वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़ और गोला फेंक तथा बालिका वर्ग के लिए वॉलीबॉल, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

बालिका लंबी कूद में पायल कुमारी प्रथम, खुशी कुमारी द्वितीय और रिया तृतीय रहीं। 200 मीटर दौड़ में खुशी कुमारी प्रथम, पायल द्वितीय और रिया कुमारी तृतीय रहीं। बालक 400 मीटर दौड़ में करण रजवार प्रथम, नितेश यादव द्वितीय और देवांशु कुमार तृतीय रहे। गोला फेंक में अंकित सिंह प्रथम, सानू जायसवाल द्वितीय और सत्येंद्र कुमार तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वॉलीबॉल में पोचरा राइजिंग क्लब ए विजेता और राइजिंग क्लब बी उपविजेता बनी।

आयोजन में अंजू कुमारी, विकास सुधांशु सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…