Live VNS

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडे सिंह तथा संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य की समृद्ध जनजातीय एवं शास्त्रीय कला परंपराओं की झलक प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम की प्रमुख प्रस्तुतियां

- बांसुरी वादन – श्री कुश कुमार करुवा (रांची)

- झारखंड के प्रमुख जनजातीय नृत्यों का समायोजन– मुण्डारी, नागपुरी, उरांव एवं संथाली नृत्य

- सरायकेला छउ नृत्य – गुरु तपन कुमार पटनायक

- आधुनिक नागपुरी नृत्य –वर्षा लकड़ा एवं दल

- महिला बैंड द्वारा आधुनिक नागपुरी गायन एवं वादन – द सजनी ग्रुप

कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई विभागों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। कुल लगभग 160 स्टॉल स्थापित किए गए, जिनमें विभागों की उपलब्धियों, योजनाओं तथा उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।

तीन दिवसीय यह सांस्कृतिक महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, जनजातीय कलाओं को प्रोत्साहित करने तथा सरकार की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों तथा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा।

इस अवसर पर प्रधान सचिव, गृह, कारा एवं आपदा विभाग वंदना दादेल, सचिव ग्रामीण विकास विभाग मनोज कुमार, निदेशक संस्कृति आसिफ़ एकराम, निदेशक खादी बोर्ड आलोक कुमार, निदेशक उद्योग विशाल सागर, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी माधवी मिश्रा, सचिव पर्यटन मुकेश कुमार, निदेशक पर्यटन नमन प्रियेश, मुख्य कार्यकारी अधिकारी झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी अनन्य मित्तल तथा मैनेजिंग डायरेक्टर झारक्राफ्ट गरिमा सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…