Live VNS

चौपाल के नाम पर भ्रम फैलाना बंद करे कांग्रेस, घुसपैठियों को बचाने की राजनीति न करे : बाउरी

चौपाल के नाम पर भ्रम फैलाना बंद करे कांग्रेस, घुसपैठियों को बचाने की राजनीति न करे : बाउरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 12 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित की जा रही चौपालों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस चौपाल के नाम पर जनता के बीच भ्रम फैलाना बंद करे। आखिर कांग्रेस इन चौपालों के माध्यम से क्या साबित करना चाहती है। क्या वह यह संदेश देना चाहती है कि घुसपैठियों को भी मतदाता सूची में बनाए रखा जाए। कांग्रेस को इस सवाल का जवाब देना चाहिए।

बाउरी ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यदि किसी पात्र भारतीय मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटा है तो कांग्रेस को तथ्यों और प्रमाणों के साथ चुनाव आयोग के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करानी चाहिए। इसके लिए संवैधानिक व्यवस्था मौजूद है। केवल चौपाल लगाकर राजनीतिक नाटक-नौटंकी करना और जनता को गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक कार्यशैली रही है। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर बेबुनियाद भ्रम फैलाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है। कांग्रेस के शासनकाल में 10 बार और भाजपा के कार्यकाल में दो बार यह प्रक्रिया अपनाई गई है। यह पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा आज इस प्रक्रिया पर सवाल उठाना उसकी दोहरी राजनीति को उजागर करता है।

बाउरी ने कहा कि कांग्रेस एक तरफ संविधान और कानून के सम्मान की बात करती है, दूसरी तरफ चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। यदि कांग्रेस को किसी तरह की गड़बड़ी नजर आती है तो वह प्रमाण प्रस्तुत करे। केवल राजनीतिक प्रपंच से संवैधानिक प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है, देश लगातार आगे बढ़ रहा है। भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा मजबूत हो रही है। लेकिन कांग्रेस हर वह काम करती है जिससे देश कमजोर हो। कांग्रेस को जनता को गुमराह करने की बजाय यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों के साथ खड़ी है या घुसपैठियों को मतदाता सूची में बनाए रखने की राजनीति कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…