कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की जल्द हो गिरफ्तारी : आदित्य साहू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। विधायक पर 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची के यौन शोषण, दुष्कर्म और गर्भपात कराने के गंभीर आरोप लगे हैं। साहू ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा देने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि पर ऐसे गंभीर आरोप लगना झारखंड को शर्मसार करने वाला है। बच्ची को पढ़ाने-लिखाने और भविष्य संवारने का भरोसा देकर विधायक ने अपने आवास पर बुलाया। पीड़िता ने विधायक के परिजनों पर मारपीट और प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए हैं। साहू ने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
साहू ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पार्टी अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो से भी स्पष्ट करने को कहा कि गठबंधन सरकार आरोपित विधायक को बचाएगी या पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपित विधायक की गिरफ्तारी और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हुई, तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर राज्यव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे