Live VNS

झारखंड में चौथे दिन भी हड़ताल जारी, ठप रही 108 एंबुलेंस सेवा

झारखंड में चौथे दिन भी हड़ताल जारी, ठप रही 108 एंबुलेंस सेवा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा की हड़ताल शनिवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रही। राज्यभर में करीब 500 एंबुलेंस के कर्मचारी 18 नवंबर 2026 की रात आठ बजे से हड़ताल पर हैं। इसके कारण आपातकालीन एंबुलेंस सेवा प्रभावित हो रही है। हड़ताल के क्रम में विभिन्न जिलों से रांची पहुंचे आंदोलनकारी कर्मचारियों ने नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

खराब मौसम के बावजूद कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के बयान के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार से अपनी मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की अपील की। स्वास्थ्य मंत्री के बयान के बाद आंदोलनकारियों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। अब जिला स्तर पर प्रदर्शन करने के बजाय राज्यभर के कर्मचारी राजधानी रांची में एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।

कर्मचारियों ने रविवार राजधानी में मार्च निकालने की घोषणा की है। उनका कहना है कि इसके बाद भी सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो मुख्यमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा।

आंदोलनरत कर्मचारियों की प्रमुख मांग सम्मान फाउंडेशन कंपनी को हटाने और लंबित राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की है। इसके अलावा नई नियुक्तियों में एनएचएम की अनुमति अनिवार्य करने तथा कर्मचारियों की शिकायतों की जांच में स्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन और कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…