विद्यार्थियों ने विकसित झारखंड के निर्माण का लिया संकल्प

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना पखवाड़ा के तहत राज्यभर में शिक्षा, ग्रामीण आजीविका, रोजगार और आवास से जुड़े कार्यक्रम के तहत मंगलवार को राज्य के 31,756 विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा हुई, जिसमें 23,26,916 विद्यार्थियों ने विकसित झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों को राज्य के इतिहास, महापुरुषों, आंदोलनकारियों और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सिमडेगा में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और ग्राम संगठनों को विभिन्न आजीविका योजनाओं के तहत एक करोड़ 52 लाख 65 हजार 500 रुपये की सहायता दी गई। उपायुक्त कंचन सिंह और डीडीसी दीपांकर चौधरी ने लाभुकों को सांकेतिक चेक सौंपे। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल रथ रवाना किया गया।
कोलेबिरा में 26 और केरसई में 27 नवंबर 2026 को रोजगार मेले लगेंगे। कोडरमा में 15 से 21 नवंबर 2026 तक गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान 549 आवासों में लाभुकों के गृह प्रवेश का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, पलामू में 667 लाभुकों के गृह प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित है। लातेहार में अबुआ आवास योजना के लाभुकों ने नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश किया। जिले में 24 नवंबर तक विद्यालयों में प्रतियोगिताओं, रोजगार सृजन और छठ घाटों की सफाई सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar