रामगढ़ सदर अस्पताल में मिलेगी सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रामगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। अब गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को रांची, धनबाद और दूसरे बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सदर अस्पताल रामगढ़ में ही विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके तहत कैंसर, मस्तिष्क एवं नसों, पेट, लिवर, किडनी और मूत्र रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक निर्धारित दिनों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस पहल से जिले के मरीजों को अपने ही शहर में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
सदर अस्पताल में फिलहाल चार प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ श्रीकांत अन्ने प्रत्येक माह के दूसरे एवं तीसरे गुरुवार को दोपहर 12 से 02 बजे तक मरीजों को परामर्श देंगे। न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ मंजर अली प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ चंदन कुमार प्रत्येक बुधवार को दोपहर 12 से 02 बजे तक और यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ पंकज कुमार प्रत्येक बुधवार को दोपहर 12 से 02 बजे तक अपनी सेवाएं देंगे। इन सेवाओं के माध्यम से मस्तिष्क, नसों, पेट, आंत, लिवर, पाचन तंत्र, किडनी और मूत्र मार्ग से संबंधित बीमारियों के मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
सदर अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए कीमोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे कैंसर पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए बार-बार दूसरे शहरों की यात्रा करने की परेशानी से राहत मिलेगी। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सुविधा काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। आयुष्मान भारत और अबुआ स्वास्थ्य योजना के पात्र लाभुकों को नियमानुसार निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।
इन चिकित्सा सेवाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इसमें सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हुए। बैठक में चिकित्सकों की उपलब्धता, सेवा दिवस, समय-सारणी और मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। डीसी ने कहा कि जिले के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कोशिश होनी चाहिए कि मरीजों को सामान्य और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे शहरों में रेफर नहीं करना पड़े।
सदर अस्पताल में गंभीर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आईसीयू और बर्न वार्ड की सेवाएं भी जल्द शुरू करने की तैयारी है। इससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों के साथ-साथ आग से झुलसे लोगों को भी बेहतर चिकित्सकीय देखभाल मिल सकेगी। अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डीसी ने इन सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीजों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश