पीजेएमसी में तीन वर्षों में मेडिकल सीटें 100 से बढ़ाकर 200 करने का लक्ष्य : अजय सिंह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
दुमका, 24 नवंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीजेएमसी) दुमका का औचक एवं विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में नवनिर्मित 500 बेड के अस्पताल सहित विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने जहां आवश्यक सुधार की जरूरत है, उसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को दिया।
निरीक्षण के दौरान नवनिर्मित 500 बेड के अस्पताल के विभिन्न हिस्सों और लेक्चर थिएटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। लेक्चर थिएटर में निर्धारित 120 सीटों के स्थान पर 112 सीटें पाए जाने सहित कुछ तकनीकी बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता बताई गई। अपर मुख्य सचिव ने संबंधित निर्माण एजेंसी को एक माह के भीतर सभी कमियों को दूर करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल की प्रत्येक संरचना और सुविधा गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए, ताकि मरीजों, मेडिकल छात्रों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अस्पताल के निर्माण एवं डिजाइन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने संबंधित कंसल्टेंट की भूमिका की भी जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक विशेष जांच टीम गठित कर अस्पताल के प्रत्येक कमरे, भवन की संरचना एवं उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक सुधार समय पर सुनिश्चित किए जा सकें।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं सदर अस्पताल का संचालन एकीकृत रूप से मेडिकल कॉलेज के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत नवनिर्मित 500 बेड के अस्पताल और वर्तमान में संचालित 300 बेड के सदर अस्पताल को मिलाकर कुल 800 बेड की चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध होगी। इसके लिए आवश्यक चिकित्सकों, लेक्चरर एवं फैकल्टी की नियुक्ति स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जाएगी। इससे दुमका सहित संताल परगना क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और विस्तारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों के आधारभूत ढांचे और परिसर का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका के वर्तमान लगभग 25 एकड़ के परिसर का विस्तार कर 100 एकड़ से अधिक किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक भूमि उपलब्ध करा दी गई है। परिसर का विस्तार होने से भविष्य में मेडिकल शिक्षा, चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
अपर मुख्य सचिव ने मेडिकल शिक्षा के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी तीन वर्षों में मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस सीटों की संख्या वर्तमान 100 से बढ़ाकर 200 करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही अगले वर्ष से यहां पीजी की पढ़ाई प्रारंभ करने की योजना है, जिसके तहत कुल 150 पीजी सीटों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के विस्तार, चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और मेडिकल शिक्षा के विकास से दुमका को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी।
---
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार