Live VNS

चोरों ने की दो घरों से जेवरात, नकदी और जरूरी कागजातों की चोरी

चोरों ने की दो घरों से जेवरात, नकदी और जरूरी कागजातों की चोरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

चतरा, 17 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व की खुशियों के बीच पत्थलगड़ा क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

दोनों घटनाओं में घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला और दरवाजा तोड़कर कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। पहली घटना पत्थलगड़ा ब्लॉक रोड स्थित शिक्षक दशरथ दांगी के घर की है। पूरा परिवार छठ पूजा मनाने हजारीबाग गया हुआ था।

मंगलवार की सुबह जब परिवार घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरे पड़े थे। चोर जेवरात, नकदी, जरूरी कागजात सहित कई कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।

वहीं दूसरी घटना पत्थलगड़ा और गिद्धौर प्रखंड के सीमांत गांव बंदरचुंआ की है। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के पत्थलगड़ा प्रखंड अध्यक्ष सुधीर कुमार के बंद पड़े आवास को चोरों ने निशाना बनाया।

सुधीर कुमार ने बताया कि छठ पूजा के दौरान वे अपने आवास पर नहीं गए थे। इसी बीच चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में रखे कीमती सामान और कई महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर ली। दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

थाना प्रभारी ने सुधीर कुमार को आश्वस्त किया है कि चोरी की घटना की जांच में फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी। छठ महापर्व के दौरान लगातार दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…