छठ पर्व पर रांची में ट्रैफिक का बदलाव, 15 और 16 नवंबर को भारी वाहनों की रहेगी नो एंट्री

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है। छठ घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 15 और 16 नवंबर को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इस दौरान भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, कई छठ घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने इस संबंध में गुरुवार को निर्देश जारी कर दिए हैं।
ट्रैफिक एसपी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह दो बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा। हालांकि, भारी वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा 15 नवंबर को शाम दो बजे से रात आठ बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों का भी रांची शहर में प्रवेश और परिचालन बंद रहेगा।
छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। 15 नवंबर को दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक चांदनी चौक कांके से राम मंदिर के बीच दोनों ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह फिरायालाल से चडरी तालाब की ओर जाने वाली सड़क और जेल चौक से फिरायालाल जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इसके अलावा कचहरी चौक से राजभवन की ओर जाने वाली सड़क, सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम की ओर जाने वाली सड़क और ओढ़नू बाबा आश्रम से बड़ा तालाब की ओर जाने वाले मार्ग पर भी सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
जैन मंदिर एवं महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब की ओर जाने वाली सड़क तथा लक्ष्मीनारायण मंदिर से ओढ़नू बाबा आश्रम की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
जुडिशियल अकादमी एवं सिठियो बस्ती (अंजली होटल) से धुर्वा डैम छठ घाट की ओर जाने वाली सड़क पर भी सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है। इनमें प्रमुख रूप से रणधीर वर्मा चौक से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग पर नगर निगम पार्क के सामने रोड किनारे, एसएसपी आवास चौक से हटिया तालाब जाने वाले रास्ते में रोड किनारे और एसएसपी आवास चौक से हटनिया तालाब जाने वाला मार्ग, राम मंदिर से कांके डैम जाने वाला मार्ग, शहीद मैदान से छठ तालाब जाने वाले मार्ग, जेल चौक के पास , लालपुर यातायात थाना के पास , सर्जना चौक से बड़ा तालाब जाने वाला मार्ग,चुटिया से स्वर्णरेखा जाने वाला मार्ग, बनस तालाब चुटिया, किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाला मार्ग और देवेन्द्र मांझी चौक के पास में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
इसके अलावा जेल चौक के पास भगवान बिरसा मुंडा के पास, लालपुर यातायात थाना के पास, सर्जना चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सर्जना चौक और फिरायालाल के बीच बने पार्किंग स्थल पर भी वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट किया जा सकता है या उनका परिचालन रोका जा सकता है। इसका उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी से बचाना तथा शहर में जाम की स्थिति नहीं बनने देना है।
रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों से अपील की है कि छठ घाटों पर जाने के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन लेकर जाने से बचें। यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर श्रद्धालु पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे