Live VNS

सदर अस्पताल में राज्य स्तरीय आईडीएसपी-वीपीडी सर्विलांस ट्रांजिशन कार्यशाला शुरू

सदर अस्पताल में राज्य स्तरीय आईडीएसपी-वीपीडी सर्विलांस ट्रांजिशन कार्यशाला शुरू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। सदर अस्पताल के सभागार में बुधवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आईडीएसपी-वीपीडी सर्विलांस ट्रांजिशन कार्यशाला के तीसरे चरण का शुभारंभ हुआ।

25 से 27 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस कार्यशाला में आठ जिलों के स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं कर्मी भाग ले रहे हैं। इससे पहले राज्य के 16 जिलों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि सर्विलांस और टीकाकरण एक-दूसरे से जुड़े हैं। प्रत्येक बच्चे को निर्धारित समय पर सभी टीके मिलना सुनिश्चित करना होगा। यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण का डेटा समय पर दर्ज करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण से रोगों की समयबद्ध रिपोर्टिंग और संभावित प्रकोपों की शीघ्र पहचान में मदद मिलेगी। प्रशिक्षण में पोलियो, खसरा, रूबेला, डिप्थीरिया, काली खांसी और नवजात टिटनेस की निगरानी के साथ सैंपल संग्रह, डेटा प्रविष्टि और आउटब्रेक इन्वेस्टिगेशन की तकनीकी जानकारी दी जा रही है। अस्पताल की ओर से बताया गया कि पूर्व में यह निगरानी एवं जांच का कार्य डब्ल्यूएचओ करता था, जिसे अब एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम में रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा और लातेहार के स्वास्थ्य पदाधिकारी इसमें शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…