Live VNS

झांसी : जेल में भाई दूज पर भावुक हुआ माहौल, 609 बहनों ने भाइयों को किया तिलक

झांसी : जेल में भाई दूज पर भावुक हुआ माहौल, 609 बहनों ने भाइयों को किया तिलक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

झांसी, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला कारागार झांसी में बुधवार को भाई दूज का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। जेल में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात करने पहुंचीं बहनों ने तिलक लगाकर भाइयों की लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान जेल परिसर में भाई-बहन के प्रेम और भावनाओं का अनूठा नजारा देखने को मिला।

कारागार प्रशासन की ओर से पर्व को देखते हुए बहनों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। तिलक की थाली में रोली, चंदन, चावल और मिठाई की व्यवस्था कराई गई, ताकि बहनें पारंपरिक तरीके से अपने भाइयों का तिलक कर सकें। कुछ दिव्यांग बहनें भी अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं। उनके लिए जेल प्रशासन ने सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

जेल प्रशासन के मुताबिक, इस अवसर पर कुल 360 पुरुष बंदियों से मिलने पहुंचीं 609 बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर पर्व मनाया। बहनों के साथ 216 बच्चे भी कारागार पहुंचे। इसके अलावा जेल में निरुद्ध तीन पुरुष और तीन महिला बंदियों की आपस में भाई-बहन के रूप में मुलाकात कराई गई।

मुलाकात के दौरान बहनों और बंदियों के बैठने के लिए कुर्सी-मेज तथा शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई। दिव्यांग बंदियों की मुलाकात के लिए व्हीलचेयर, उचित स्थान और पर्याप्त समय उपलब्ध कराया गया।

महिला मुलाकातियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की ओर से 13 महिला आरक्षी और आठ पुरुष आरक्षियों की तैनाती की गई थी।

इस दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. रामस्वरूप श्रीवास्तव, कारापाल प्रथम अंजनी कुमार गुप्ता, कारापाल द्वितीय प्रशांत कुमार, उपकारापाल आदित्य यादव, कुमार विप्लव सहित जेल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…