Live VNS

एयर रेड का सायरन बजते ही अलर्ट हुईं राहत-बचाव टीमें, पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल से परखी गई आपातकालीन तैयारियां

एयर रेड का सायरन बजते ही अलर्ट हुईं राहत-बचाव टीमें, पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल से परखी गई आपातकालीन तैयारियां

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

झांसी, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति अथवा हवाई हमले जैसी परिस्थिति से निपटने के लिए रविवार शाम झांसी पुलिस लाइन ग्राउंड में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। शासन के निर्देश पर हुए इस अभ्यास में प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और सिविल डिफेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। इस दौरान विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा गया।

मॉक ड्रिल के दौरान शाम छह बजे एयर रेड की चेतावनी देने के लिए लंबा सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही हवाई हमले जैसी स्थिति में नागरिकों को सतर्क करने की प्रक्रिया का अभ्यास शुरू हुआ। इसके बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत राहत एवं बचाव दल सक्रिय हुए और काल्पनिक आपातकालीन स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया गया। टीमों ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, घायलों को निकालने और उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का अभ्यास किया।

जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की मौजूदगी में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई। पुलिस और सिविल डिफेंस के जवानों ने बचाव अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभाली।

मॉक ड्रिल में एनसीसी कैडेट्स ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकियों को नजदीक से समझा। वहीं, बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों ने भी इस अभ्यास को देखा। उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखने, सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्धारित निर्देशों का पालन करने का संदेश दिया गया।

इस अभ्यास का उद्देश्य केवल विभागीय तैयारियों का आकलन करना ही नहीं, बल्कि आपदा अथवा अप्रत्याशित संकट के समय आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की व्यवस्था को मजबूत करना भी रहा। प्रशासन के अनुसार, ऐसे अभ्यास से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल विकसित होता है और संकट के समय राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने में मदद मिलती है। मॉक ड्रिल के जरिए जान-माल के नुकसान को न्यूनतम रखने और जनसुरक्षा के प्रति प्रशासनिक तैयारियों को परखा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…