Live VNS

किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला महिला का शव, पति और बेटे से चार साल से रह रही थी अलग

किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला महिला का शव, पति और बेटे से चार साल से रह रही थी अलग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बड़ागांव की नई बस्ती पंचमपुरा में घटना से मचा हड़कंप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

झांसी, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में थाना बड़ागांव कस्बे की नई बस्ती पंचमपुरा में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब किराए के कमरे में अकेली रह रही 32 वर्षीय महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। महिला का शव कमरे के अंदर छत में लगे कुंडे से साड़ी के सहारे लटका हुआ था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने रोशनदान से अंदर झांककर देखा तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

मृतका की पहचान वंदना अहिरवार पुत्री हरचरण अहिरवार निवासी ग्राम लुहारी, थाना समथर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वंदना की शादी वर्ष 2014 में बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम टाकोरी निवासी आकाश के साथ हुई थी। उसका 10 वर्षीय बेटा रोशन है, जो पिता के साथ गांव में रहता है। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते वंदना पिछले करीब चार वर्षों से पति और बेटे से अलग रह रही थी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वंदना पंचमपुरा में किराए के कमरे में अकेली रहती थी। वह रोज सुबह काम पर जाती और शाम को वापस लौटती थी। पड़ोसियों से उसका ज्यादा मेलजोल नहीं था। मकान मालकिन ने बताया कि वंदना को उनके मकान में रहते हुए अभी एक महीना भी नहीं हुआ था। उसने खुद को झांसी का निवासी बताया था और आधार कार्ड बाद में देने की बात कही थी।

मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर रोशनदान से झांककर देखा तो वंदना का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला का शव छत के कुंडे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मायके और ससुराल पक्ष को सूचना दे दी गई है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…