Live VNS

वीरांगना लक्ष्मीबाई के वंशज सम्मान व अधिकारों की आस में भटकते रहे, अब छोड़ दी उम्मीदें

वीरांगना लक्ष्मीबाई के वंशज सम्मान व अधिकारों की आस में भटकते रहे, अब छोड़ दी उम्मीदें

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-दामोदर राव की पगड़ी आज भी परिवार में रखी है सुरक्षित-योगेश राव ने साझा की परिवारिक विरासत की कहानी

झांसी, 19 नवंबर (हि.स.)। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिवस पर उनकी विरासत और परिवार से जुड़ी स्मृतियों को नमन करने के लिए छठवीं पीढ़ी के वंशज योगेश राव नेवालकर परिवार सहित झांसी पहुंचे। बुन्देलखण्ड गौरव फाउंडेशन की विशेष पहल पर उन्होंने मेडिकल बाईपास पर स्थापित महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस दौरान योगेश राव ने हिन्दुस्थान समाचार से परिवार की ऐतिहासिक विरासत, पूर्वजों के संघर्ष और झांसी से अपने भावनात्मक रिश्ते से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2006 में पहली बार झांसी आए थे। इसके बाद से पिछले 20 वर्षों से लगातार महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिवस समेत विभिन्न कार्यक्रमों पर झांसी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उनके परिवार में आज भी ऐतिहासिक धरोहर के रूप में दामोदर रावजी की पगड़ी सुरक्षित रखी हुई है। यह पगड़ी उनके परिवार के लिए केवल एक वस्तु नहीं बल्कि पूर्वजों के इतिहास, गौरव और महारानी लक्ष्मीबाई से जुड़े रिश्ते की अनमोल निशानी है।

अपने परिवार की पीढ़ियों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि वह महारानी लक्ष्मीबाई के परिवार की छठवीं पीढ़ी के वंशज हैं और अरुण राव के सुपुत्र हैं। उन्होंने परिवार की पुरानी परंपराओं का जिक्र करते हुए बताया कि उनके पिता को घुड़सवारी का शौक था, हालांकि अब नई पीढ़ी में यह परंपरा कुछ खास नहीं रह गई है। उन्होंने अपनी बहन गायत्री का भी जिक्र किया,जो अब अमेरिका में मोदी सरनेम के साथ रह रही हैं।

योगेश राव ने परिवार के सम्मान और अधिकारों से जुड़े लंबे संघर्ष को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1957 में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के 100 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश सरकार ने लक्ष्मण राव को चांदी का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया था। वहीं, परिवार की संपत्ति के अधिकार को लेकर उनके पूर्वजों ने लंबे समय तक प्रयास किए। तीन पीढ़ियों तक इस मामले में भटकने के बाद परिवार ने आखिरकार संपत्ति की उम्मीद छोड़ दी।

उन्होंने बताया कि उनके पिता ने भी युवावस्था में इस संबंध में काफी प्रयास किए। परिवार के लोग विभिन्न सरकारों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाते रहे लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका। लगातार प्रयासों और लंबी प्रतीक्षा के बावजूद अधिकार नहीं मिलने से परिवार ने अब इस मामले में उम्मीद ही छोड़ दी है।

योगेश राव नेवालकर का झांसी आगमन केवल एक औपचारिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं बल्कि उस ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी है, जिसकी स्मृतियां आज भी उनके परिवार में सुरक्षित हैं। महारानी लक्ष्मीबाई के वंशज के रूप में उनका हर वर्ष झांसी आना वीरांगना और उनके परिवार के बीच पीढ़ियों से चले आ रहे भावनात्मक संबंधों को जीवंत करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…