Live VNS

जींद: नागरिक अस्पताल मारपीट मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष से मिले खेल मंत्री,जांच कमेटी गठित

जींद: नागरिक अस्पताल मारपीट मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष से मिले खेल मंत्री,जांच कमेटी गठित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जींद, 27 नवंबर (हि.स.)। नागरिक अस्पताल में हुआ मारपीट का मामला अब बढ़ता नजर आ रहा है। इस मामले में शुक्रवार को खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम की एंट्री हो गई है। गौरव गौतम ने अस्पताल में दाखिल मंडल अध्यक्ष कौशल्या से मुलाकात की। इस मौके पर स्वजनों ने कहा कि अस्पताल में उनका इलाज भी नहीं किया जा रहा है। खेलमंत्री ने कहा कि सब कुछ देखा जा रहा है। आप निश्चित रहें। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने डिप्टी सिविल सर्जन डा. पालेराम कटारिया के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी बना दी है।

जांच कमेटी तीन दिन में अपनी जांच रिपोर्ट डीसी व सिविल सर्जन को सौंपेगी। इस मामले का सबसे बड़ा पहलू यह है कि मंडल अध्यक्ष से मिलने के बाद मंत्री गौरव गौतम ने सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली, डीसी डा. वैशाली शर्मा, एसपी उपासना से एक कमरे में 10 मिनट तक बात की। इस बातचीत के बारे में किसी को पता नहीं कि उन्होंने क्या निर्देश दिए हैं। इसी मामले को देखते हुए लगता है कि अब यह मामला कम होने की बजाय बढ़ता ही जाएगा।

बताते चलें कि गुरुवार को कंडेला निवासी कौशल्या अपनी पुत्रवधु के साथ नागरिक अस्पताल में आई थी। वह उनका सीटी स्कैन करवाना चाहती थी। किसी बात को लेकर उनकी व डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला के दरवाजे पर खड़े वार्ड ब्वाय अमित कुमार से बातचीत हुई। महिला कौशल्या ने अस्पताल में कार्यरत अपने एक जानकार को बुला लिया। उस युवक व अमित कुमार के बीच बहस हो गई। बाद में इस मामले में मारपीट भी हुई। काैशल्या देवी ने डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला पर भी मारपीट व अभद्रता के आरोप लगाए हैं। बाद में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी शिकायत पुलिस को दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…