Live VNS

एमसीबी जिले में 16 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 265 पदों पर होगी भर्ती

एमसीबी जिले में 16 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 265 पदों पर होगी भर्ती

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मनेन्द्रगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा 16 नवंबर को जिलास्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। इसमें विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 265 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

जिला रोजगार कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं अग्निशामक डिप्लोमा उत्तीर्ण महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार शामिल हो सकेंगे। विभिन्न कंपनियों द्वारा फायरमैन, सुरक्षा गार्ड, पैकेजिंग स्टाफ, चालक, वार्ड बॉय, फील्ड अधिकारी, मीटर स्थापना एवं पिकर-पैकर सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

रोजगार मेले में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन संस्थान, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, श्रमिक टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड तथा टीमलीज सर्विसेज लिमिटेड सहित अन्य निजी नियोजक शामिल होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं शैक्षणिक योग्यता के अनुसार प्रतिमाह 8 हजार से 25 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। कुछ कंपनियों द्वारा निःशुल्क आवास एवं मेस-कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। चयनित युवाओं की पदस्थापना छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित रायपुर एवं अन्य निर्धारित कार्यस्थलों पर की जाएगी।

जिला रोजगार कार्यालय ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ अथवा गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध सीजी राेजगार पंजीयन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य है। केवल पंजीकृत अभ्यर्थी ही प्लेसमेंट कैंप में भाग ले सकेंगे।

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होने की अपील की गई है। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…