Live VNS

कृषि विवि में जुटेंगे देश के दिग्गज ‘जल योद्धा’

कृषि विवि में जुटेंगे देश के दिग्गज ‘जल योद्धा’

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर में आगामी 10 एवं 11 दिसंबर को जल प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि प्रौद्योगिकियों पर आधारित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘जल 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने सम्मेलन के सफल संचालन हेतु गठित विभिन्न समितियों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी तालमेल और बेहतरीन समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कुलगुरु ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान का कृषि उत्पादन प्राकृतिक संसाधनों और विशेष रूप से जल की उपलब्धता पर निर्भर है।

विश्वविद्यालय की स्थापना का मूल उद्देश्य भी क्षेत्र के किसानों की आर्थिक उन्नति और मानव संसाधन का विकास करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘जल 2026’ शुष्क एवं अर्द्ध-शुष्क क्षेत्रों में जल संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन और कृषि विकास से जुड़े ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।

सम्मेलन के कन्वीनर डॉ. प्रदीप पगारिया ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से दो दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा और अब तक की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जल प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों पर विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करना तथा शोध व तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में जल संरक्षण के क्षेत्र में विश्वविख्यात हस्तियां शामिल होंगी, जिनमें प्रमुख रूप से पद्म विभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, भारत के ‘वाटर मैन’ डॉ. राजेंद्र सिंह, पद्मश्री उमाशंकर पांडे, बुंदेलखंड के ‘वाटर मैन’ संजय सिंह, जल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर प्रान आईसीएआर-आईआईडब्ल्यूएम (भुवनेश्वर, ओडिशा) के निदेशक डॉ. अर्जमदत्त सारंगी सहित अन्य वरिष्ठ वैज्ञानिक और जलनीति निर्माता शामिल होंगे।

सम्मेलन के दौरान उन्नत कृषि प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक प्रदर्शनियां, शोधार्थियों की पोस्टर प्रस्तुतियां और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की विशेष स्टॉल्स लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा, जिसमें पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध मांगणियार लोक एवं सूफी गायक उस्ताद अनवर खान अपनी स्वर लहरियां बिखेरेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…