Live VNS

जोधपुर जिले की 23 पंचायत समितियों और जिला परिषद वार्डों की मतगणना 20 को

जोधपुर जिले की 23 पंचायत समितियों और जिला परिषद वार्डों की मतगणना 20 को

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जोधपुर, 17 नवम्बर (हि.स.)। पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत जोधपुर जिले की समस्त 23 पंचायत समितियों तथा संबंधित जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्रों के वार्ड सदस्यों के निर्वाचन की मतगणना आगामी 20 नवम्बर को आयोजित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत) आलोक रंजन द्वारा मतगणना के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए पंचायत समिति एवं जिला परिषद वार विस्तृत टेबल एवं राउंड-वार मतगणना योजना जारी कर दी गई है।

वही जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मतगणना दलों को आज प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) पंचायत जोधपुर आलोक रंजन ने बताया कि मतगणना दलों का यह प्रशिक्षण पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित ऑडिटोरियम मारवाड़ इन्टरनेशनल सेंटर में आयोजित किया गया। संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया जोधपुर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (महिला) एवं राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के विभिन्न निर्धारित कक्षों में संपन्न होगी। प्रत्येक पंचायत समिति के लिए पृथक-पृथक स्ट्रॉन्ग रूम, मतगणना कक्ष एवं मतगणना टेबलें निर्धारित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (महिला) जोधपुर में कुल 6 पंचायत समितियों एवं उनसे संबंधित जिला परिषद वार्डों की मतगणना की जाएगी। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जोधपुर में शेष 17 पंचायत समितियों एवं उनसे संबंधित जिला परिषद वार्डों की मतगणना निर्धारित कक्षों में संपन्न होगी। जिला निर्वाचन प्रशासन द्वारा सभी संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों, मतगणना कार्मिकों एवं अभ्यर्थियों को निर्धारित कक्षों एवं टेबल व्यवस्था के अनुरूप समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…