Live VNS

जोधपुर शहर में पीएम ई-बस सेवा का विस्तार

जोधपुर शहर में पीएम ई-बस सेवा का विस्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जोधपुर, 25 नवम्बर (हि.स.)। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन को सुविधाजनक सफर उपलब्ध करवाने की दिशा में नगर निगम ने पीएम ई-बस सेवा का विस्तार करते हुए बुधवार से दो नए रूट पर नौ और वातानुकूलित ई बस सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया है। इन बसों के शुरू होने से शहर के दो प्रमुख रूट पावटा से अक्षरधाम और पावटा से पेप्सी चौराहे तक यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। नगर निगम की ओर से इन दोनों रूट पर बसों का संचालन शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को नगर निगम मुख्यालय से महापौर प्रसन्नचंद मेहता इन नौ नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नगर निगम के आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि इससे पहले शहर में पीएम ई-बस सेवा के तहत 14 बसों का संचालन हो रहा था। अब नौ नई बसें जुडऩे के बाद शहर में कुल 23 इलेक्ट्रिक बसें विभिन्न मार्गों पर दौड़ेंगी। इससे यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन के अधिक विकल्प मिलेंगे और शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन आसान होगा।

उन्होंने बताया कि इन दोनों नए रूट पर यात्रियों को न्यूनतम 15 रुपए और अधिकतम 30 रुपए किराया देना होगा। पावटा से अक्षरधाम और पावटा से पेप्सी चौराहे तक निर्धारित स्टॉपेज के माध्यम से बसें संचालित होंगी।

इन बसों से रेलवे स्टेशन, जालोरी गेट, पांचवीं रोड सहित शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं पेप्सी चौराहे वाले रूट से मिल्कमैन कॉलोनी, खेमा का कुआं, अशोक उद्यान, पाल बालाजी और बोरानाडा क्षेत्र के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार से जहां शहरवासियों को आवागमन का सुविधाजनक विकल्प मिलेगा, वहीं प्रदूषण कम करने और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…