मंडी में आधुनिक ऑडिटोरियम समय की सबसे बड़ी जरूरत : जॉइंट फोरम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मंडी, 21 नवंबर (हि.स.)। मंडी कल्चरल एंड थिएटर जॉइंट फोरम की बैठक नगर निगम पार्षद एवं वरिष्ठ रंगकर्मी सरिता हांडा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मंडी शहर के नौ प्रमुख सांस्कृतिक एवं थिएटर संगठनों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंडी शहर में कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम तथा नियमित रिहर्सल के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाने की मांग प्रशासन, नगर निगम, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री एवं केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी।
बैठक की अध्यक्ष सरिता हांडा ने कहा कि मंडी के कलाकारों और रंगकर्मियों को बेहतर मंच एवं रिहर्सल सुविधाएं उपलब्ध करवाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए फोरम को संगठित और मजबूत बनाकर मांग को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा, ताकि आधुनिक ऑडिटोरियम और रिहर्सल स्थल की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मांडव्य कला मंच के संस्थापक कुलदीप गुलेरिया, नव ज्योति कला मंच के जयकुमार, अंकुर कला मंच से सरिता हांडा, शाख मंडी से पुष्पराज, सबरंग कला मंच से सीताराम कश्यप, प्रयास कला परिषद से रूप उपाध्याय, रामपाल मलिक, संजय सोनी, राजेश कुमार तथा तपस नृत्य अकादमी से लतेश कुमार उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा