Live VNS

आरएचटीसी में अगले महीने से शुरू होंगे विशेष क्लीनिक, थैलेसीमिया, नशामुक्ति जैसे कई सुविधाएं होंगी शामिल

आरएचटीसी में अगले महीने से शुरू होंगे विशेष क्लीनिक, थैलेसीमिया, नशामुक्ति जैसे कई सुविधाएं होंगी शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)।

नजफगढ़ ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) में अगले महीने से थैलेसीमिया, नशामुक्ति, किशोर स्वास्थ्य, यौन संचारित रोग, रूमेटोलॉजी और गैर-संचारी रोगों से संबंधित विशेष क्लीनिक शुरू होने जा रहा है। यह जानकारी शुक्रवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने दी। शुक्रवार को आरएचटीसी की संस्थागत प्रगति और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि इस केन्द्र पर फैमिली मेडिसिन और इमरजेंसी मेडिसिन के शिक्षण विभाग स्थापित किया जाएगा जो 2027 की पहली तिमाही के अंत तक शुरू हो जाएगा। इसके साथ यहां बीएससी नर्सिंग कॉलेज, एलाइड हेल्थ साइंसेज कॉलेज, आवासीय छात्रावास और चिकित्सा शिक्षा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

समीक्षा बैठक के दौरान नड्डा ने संस्थान के बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। नड्डा ने आरएचटीसी की विकास यात्रा में सफदरजंग अस्पताल और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक प्रयासों से यह संस्थान मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

तीन महीने में करीब 95 हजार मरीजों का उपचार

समीक्षा बैठक में बताया गया कि आरएचटीसी नजफगढ़ में अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेखनीय विस्तार देखने को मिला। इस अवधि में संस्थान की 10 विशेषज्ञता वाली ओपीडी में कुल 94,927 मरीज पहुंचे, जबकि 35,985 मरीजों को आपातकालीन सेवाएं प्रदान की गईं। अस्पताल में 198 मरीजों को भर्ती किया गया।

इस दौरान कुल 691 सर्जरी की गईं, जिनमें 101 बड़ी और 590 छोटी सर्जरी शामिल हैं। संस्थान के एंटी-रेबीज केंद्र और सांप के काटने के उपचार की सुविधा से भी मरीजों को लाभ मिला।

अस्पताल में प्रसव कक्ष, 350 से अधिक दवाओं की अद्यतन सूची वाली फार्मेसी, आयुर्वेदिक क्लीनिक और दंत चिकित्सा क्लीनिक भी संचालित हैं।

जांच और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार

संस्थान की जांच एवं सहायक सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। इसकी प्रयोगशाला को एनएबीएल मान्यता प्राप्त है। अल्ट्रासाउंड (यूएसजी) सुविधा 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई है, जिसके तहत अब तक 148 जांचें की जा चुकी हैं। फिजियोथेरेपी और ऑडियोमेट्री इकाइयां भी कार्यरत हैं। अगस्त से अक्टूबर के बीच 252 ऑडियोमेट्री जांच की गईं।

केंद्रीय स्टरलाइज्ड सप्लाई विभाग (सीएसएसडी), अपशिष्ट उपचार संयंत्र, सीवेज उपचार संयंत्र और मेडिकल गैस पाइपलाइन प्रणाली जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का निर्माण पूरा हो चुका है।

संस्थान में जनवरी 2027 तक ब्लड स्टोरेज यूनिट और शवगृह को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सीटी स्कैन और एक्स-रे सुविधाएं 2027 की पहली तिमाही में शुरू करने की योजना है।

नर्सिंग शिक्षा और गुणवत्ता सुधार पर विशेष ध्यान

आरएचटीसी ने नर्सिंग शिक्षा और प्रशिक्षण के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया है। यहां एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय का नवीनीकरण किया गया है। दो वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रतिवर्ष 44 विद्यार्थियों के प्रवेश की क्षमता है। इसके अलावा, 60 बिस्तरों वाला एएनएम छात्रावास भी उपलब्ध है।

संस्थान के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यूपीएचसी) में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत गुणवत्ता सुधार कार्य किए जा रहे हैं। इसके लिए निर्धारित 129 कार्य बिंदुओं में से 105 पूरे कर लिए गए हैं, जबकि 24 पर काम जारी है। दिसंबर 2026 तक तथा राष्ट्रीय स्तर का मूल्यांकन फरवरी 2027 से शुरू करने का लक्ष्य है।

संस्थान ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति से जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन प्रमाणन, ई-कचरा प्रबंधन और पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अनुपालन से संबंधित कार्य भी पूरे किए हैं। ऊर्जा, अग्नि सुरक्षा, संरचनात्मक और सुरक्षा ऑडिट पूरे हो चुके हैं, जबकि जल ऑडिट जारी है।

230 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में होगा उन्नयन

नजफगढ़ ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र को 230 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया पहले से जारी है। इस विस्तार से मरीजों के उपचार की क्षमता बढ़ने के साथ चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। समीक्षा में विशेषज्ञ चिकित्सकों, वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सहित संस्थान की प्रशासनिक एवं बुनियादी जरूरतों पर भी चर्चा की गई।

1937 से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान

वर्ष 1937 में स्थापित आरएचटीसी नजफगढ़ का स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सामुदायिक चिकित्सा के क्षेत्र में लंबा इतिहास रहा है। संस्थान नजफगढ़, उजवा और पालम स्थित तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा उनके उपकेंद्रों के माध्यम से व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है।

इन केंद्रों पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण और रोग नियंत्रण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…