न्यायाधिपति माथुर ने नगर परिषद के 7 कार्मिकों को किया सम्मानित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
डूंगरपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। शहर की स्वच्छता, सुंदरता और विकास में योगदान देने वाले नगर परिषद के सात अधिकारियों-कर्मचारियों को राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधिपति विनीत कुमार माथुर ने सम्मानित किया। वसुंधरा विहार में श्री राजसिंह डूंगरपुर स्पोर्ट्स जोन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र के लोकार्पण समारोह में उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास जीतना और उसके काम समय पर करना ही किसी अधिकारी-कर्मचारी का सच्चा सम्मान है।
सम्मानित होने वालों में नगर परिषद आयुक्त ललित सिंह देथा, सहायक नगर नियोजक सचिन पंड्या, सहायक अभियंता भकतेश पाटीदार, सहायक लेखाधिकारी कुलदीप सिंह, वरिष्ठ लिपिक पराग मोदी, नरेंद्र सिंह चौहान और सफाई निरीक्षक मांगीलाल जादू शामिल रहे। न्यायाधिपति ने कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय और निष्ठा से काम करने का आह्वान किया।
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी किसी भी कार्यालय की रीढ़ होते हैं। उनके समर्पण से ही योजनाएं धरातल पर उतरती हैं। उन्होंने नगर परिषद के नो पेंडेंसी प्रयासों और शहर की स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की। वहीं न्यायाधिपति माथुर ने केके गुप्ता के विजन और शहर में किए गए विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए 28 आरओ के माध्यम से 10 रुपये में 20 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था का उल्लेख किया।
नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि परिषद का लक्ष्य हर वार्ड को क्लीन वार्ड बनाना, महिलाओं को रोजगार से जोड़ना और पर्यटन स्थलों का विकास करना है। केके गुप्ता ने महिलाओं को दिए जा रहे रोजगारपरक प्रशिक्षण, 72 सीसीटीवी कैमरों और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी भी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष