Live VNS

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में आठ वर्ष बाद पर्यटकों के लिए खोला गया कैलाश गुफा

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में आठ वर्ष बाद पर्यटकों के लिए खोला गया कैलाश गुफा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जगदलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित प्रसिद्ध कैलाश गुफा है, जिसे लगभग आठ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शनिवार काे एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। इस पहल से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।

कैलाश गुफा बस्तर की प्राकृतिक धरोहरों में विशेष स्थान रखती है। इस गुफा की खोज वर्ष 1993 में हुई थी। अपनी अद्भुत चूना पत्थर की संरचनाओं और अनोखी प्राकृतिक सुंदरता के कारण यह गुफा पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही है। गुफा के भीतर मौजूद प्राकृतिक संरचनाएं इसकी विशेष पहचान हैं।

हालांकि लंबे समय तक माओवादी प्रभाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण यह खूबसूरत पर्यटन स्थल सैलानियों की पहुंच से दूर रहा। लगभग आठ साल तक पर्यटकों के लिए बंद रहने के बाद कैलाश गुफा का दोबारा खुलना बस्तर में बदलते हालात का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। कभी हिंसा और भय के कारण पर्यटन गतिविधियां प्रभावित होती थीं, लेकिन अब यहां प्राकृतिक पर्यटन की संभावनाओं को फिर से आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। गुफा के खुलने से पर्यटकों को बस्तर की इस अनमोल प्रकृतिक विरासत को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है। इस बदलाव का सबसे महत्वपूर्ण पहलू स्थानीय युवाओं की भागीदारी है। पर्यटन गतिविधियां दोबारा शुरू होने के साथ क्षेत्र के युवाओं को अपने ही इलाके में रोजगार के अवसर मिलने लगे हैं। स्थानीय युवक गाइड की भूमिका निभाते हुए पर्यटकों को कैलाश गुफा की विशेषताओं और प्राकृतिक संरचनाओं की जानकारी दे रहे हैं। वहीं, स्थानीय युवतियां गार्ड के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इससे पर्यटन के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को भी नई दिशा मिल रही है। स्थानीय युवाओं की इस भागीदारी से पर्यटन और रोजगार के बीच एक नया संबंध स्थापित हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…