Live VNS

राजगढ़ः कार्तिक पूर्णिमा पर कालीसिंध नदी में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

राजगढ़ः कार्तिक पूर्णिमा पर कालीसिंध नदी में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

राजगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को सारंगपुर में कालीसिंध नदी के तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी में स्नान करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सुख-शांति की कामना की।

नदी तट पर स्नान और मंदिरों में दर्शन-पूजन का सिलसिला सुबह से लगातार जारी रहा। कार्तिक पूर्णिमा पर सारंगपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूरदराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कालीसिंध नदी के तट पर पहुंचे। यहां स्नान करने के बाद श्रद्धालु नगर के प्रसिद्ध कपिलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हनुमान मंदिर में दर्शन किए और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं नवग्रह मंदिर में भी दर्शन और पूजन करने के लिए भक्तों की आवाजाही बनी रही।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान, दान और पूजा-पाठ का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते श्रद्धालु सुबह से ही नदी तट पर पहुंचने लगे थे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास देखने को मिला। लोगों ने परंपरागत श्रद्धा के साथ कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…