कालवाड़ रोड पर विकास के लिए जनभागीदारी की मिसाल:90 प्रतिशत से अधिक अतिक्रमण स्वेच्छा से हटाए

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। राजधानी जयपुर में विकास कार्यों को जनसहयोग और आपसी संवाद से आगे बढ़ाने की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कालवाड़ रोड पर सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को व्यापारियों और मकान मालिकों ने स्वेच्छा से हटाना शुरू कर दिया है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की समझाइश और जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की पहल के चलते महज 10 दिनों में 90 प्रतिशत से अधिक अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की पहल पर 16 नवंबर को कालवाड़ रोड के करीब 250 व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इसमें सड़क चौड़ीकरण और प्रस्तावित विकास कार्यों की आवश्यकता एवं महत्व बताते हुए प्रभावित व्यापारियों और मकान मालिकों से सहयोग की अपील की गई थी। इसके बाद लोगों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए बिना किसी जबरन कार्रवाई के स्वयं अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए।
कालवाड़ रोड सड़क परियोजना से 800 से अधिक दुकानें और 200 से अधिक मकान आंशिक अथवा पूर्ण रूप से प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद प्रभावित लोगों द्वारा आगे आकर अतिक्रमण हटाना प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद एवं विश्वास का उदाहरण बन गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश