Live VNS

1500 की गारंटी के नाम पर प्रदेश की मातृशक्ति को ठग रही है कांग्रेस सरकार : जयराम ठाकुर

1500 की गारंटी के नाम पर प्रदेश की मातृशक्ति को ठग रही है कांग्रेस सरकार : जयराम ठाकुर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धर्मशाला, 19 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान वीरवार को महिला सम्मान निधि यानी 1500 की गारंटी पूरी नही किये जाने के विरोध में सुबह विधानसभा परिसर में भाजपा विधायक दल और उसके बाद जोरावर स्टेडियम में महिला शक्ति ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक सुक्खू सरकार-सुक्खू सरकार, महिलाओं के दे दो 72 हज़ार नारे लगाते हुए सदन गेट तक आए और नारेबाजी करते हुए कांग्रेस की दी इस गारंटी पर जमकर घेरेबंदी की।

प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने की गारंटी के नाम पर झूठ बोलने और गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की आधी आबादी यानी मातृशक्ति को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी। सरकार बनने के बाद भी इस योजना को लेकर 20 बार बड़ी-बड़ी घोषणाएं की गईं, लेकिन धरातल पर स्थिति यह है कि आज भी प्रदेश की 28 लाख महिलाएं अपने हक के पैसे का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का चार साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, फिर भी यह सरकार इस गारंटी को पूरा करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।

नेता प्रतिपक्ष ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली कुल राशि लगभग 20 हजार करोड़ रुपये बनती है लेकिन वर्तमान सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भागते हुए पात्र महिलाओं की संख्या घटाकर और तरह-तरह की शर्तें लगाकर इसे कम करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब सरकार के इन झूठे वादों और बहकावे में आने वाली नहीं हैं।

जयराम ठाकुर ने दो टूक कहा कि इस सरकार को अब प्रदेश की जनता और मातृशक्ति को ठगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। अब सरकार के चार साल पूरे होने जा रहे हैं तो अपने केंद्रीय नेताओं के आने पर कुछ महिलाओं को देने की बात की जा रही है जबकि सच्चाई ये है कि कांग्रेस ने झूठ बोलकर सत्ता हथिया ली लेकिन जब गारंटी पूरी करने की बारी आई तो 28 लाख के बजाए 18 से 60 साल की मात्र 3 लाख के आसपास महिलाओं को पात्र बताकर धोखा देने का काम किया है। अब कांग्रेस की इस घोषणा और पैंतरे को मातृशक्ति समझ चुकी है और कांग्रेस को इसका कड़ा जवाब देगी।

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर माफ़ी मांगे सरकार

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के सेना और देश पर दिए बयान पर पलटवार करते हुए पूछा है कि क्या मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने मंत्री द्वारा सदन में ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना पर दिए गए इस शर्मनाक और निंदनीय बयान का समर्थन करते हैं? अगर नहीं करते हैं तो सरकार माफ़ी मांगे और ऐसे मंत्री पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी ऐसे ही बयान देकर पहले ही कोर्ट में जाकर माफी मांग चुके हैं।

उन्होंने हैरानी जताई कि देश के विरुद्ध और सेना के खिलाफ़ ऐसी टिप्पणी प्रदेश की विधानसभा में हो रही है लेकिन सरकार मौन है। लगता है कांग्रेस पार्टी को देश के विरुद्ध और सेना के खिलाफ ऐसी बयानबाजी करने की आदत हो गई है लेकिन प्रदेश और देश की जनता सेना के इस अपमान को कदापि सहन नहीं करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…