चिल्ड्रन ऑफ स्टेट ने देखी विधानसभा की कार्यवाही

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धर्मशाला, 17 नवंबर (हि.स.)।
जिला कांगड़ा के विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे चिल्ड्रन ऑफ स्टेट ने मंगलवार को धर्मशाला के तपोवन स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा में आयोजित शीतकालीन सत्र की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा। इस अवसर पर बच्चों को प्रदेश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक विधायी संस्था की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने और लोकतांत्रिक व्यवस्था का अनुभव प्राप्त करने का विशेष अवसर मिला।
इस अवसर पर जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) कांगड़ा के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने कहा कि यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास, ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। बाल देखभाल संस्थानों में रहने वाले बच्चों को भी समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें समान अवसर उपलब्ध करवाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखने से बच्चों को यह समझने का अवसर मिला कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि किस प्रकार जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाते हैं, विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हैं तथा जनहित से जुड़े निर्णय लेने की प्रक्रिया में भाग लेते हैं। यह अनुभव निश्चित रूप से उनके सामान्य ज्ञान, सामाजिक समझ और भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को विकसित करने में सहायक होगा।
बच्चों के अनुभव के संबंध में उन्होंने कहा कि बच्चों ने इस विशेष अवसर को लेकर उत्साह और खुशी व्यक्त की। उनके लिए विधानसभा का सदन, वहां की कार्यवाही, जनप्रतिनिधियों की भूमिका तथा सदन में होने वाली चर्चाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखना एक नया और प्रेरणादायक अनुभव रहा। इस तरह के अवसर बच्चों के मन में नई जिज्ञासाएं पैदा करते हैं और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार, जागरूक एवं आत्मविश्वासी नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
शर्मा ने इस महत्वपूर्ण अवसर को उपलब्ध करवाने के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का जिला बाल कल्याण समिति कांगड़ा की ओर से विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बच्चों के हितों, संरक्षण, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे अवसरों को प्रोत्साहन देना स्वागतयोग्य है।
उन्होंने विधानसभा सचिवालय, जिला प्रशासन कांगड़ा, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला बाल संरक्षण अधिकारी तथा सभी बाल देखभाल संस्थानों के प्रभारियों, कर्मचारियों और उन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बच्चों के इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया