धर्मशाला में रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण, 250 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धर्मशाला, 27 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का 100वां संस्करण रविवार को धर्मशाला में मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) धर्मशाला और मेरा युवा भारत कांगड़ा की ओर से विशेष साइकिलिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में 200 से 250 प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
शुक्रवार को साई धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में साई के सहायक निदेशक जेपी शानी ने बताया कि साई की ओर से प्रत्येक सप्ताह आयोजित किए जाने वाले ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का यह 100वां संस्करण होगा। इस विशेष आयोजन में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी, योल छावनी क्षेत्र के प्रभारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान साइकिलिंग के साथ-साथ जुंबा, योग और अन्य फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसमें एनसीसी कैडेट्स और योल सेना के जवान भी भाग लेंगे।
जेपी शानी ने बताया कि खेलो इंडिया योजना के तहत 17 दिसंबर 2024 को ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान की शुरुआत की गई थी। इस बार देशभर में 100 स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना और आम लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साइकिलिंग जैसे माध्यमों से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया