दलाई लामा को केंद्र ने किया सरकारी बंगले का आबंटन, चीन को भारत का करारा संदेश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धर्मशाला, 26 नवंबर (हि.स.)। चीन की परवाह किए बिना केंद्र सरकार ने देश की राजधानी दिल्ली की सबसे प्रतिष्ठित और सत्ता के गलियारों से सजी लुटियंस में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा की आवासीय सुविधा का ख्याल रखते हुए बंगले का आबंटन किया है। केंद्र सरकार ने पंडित रविशंकर शुक्ला लेन स्थित बंगला नंबर 20 को दलाई लामा के कार्यालय 'गादेन फोडरंग' को आवंटित कर दिया है। यह महज एक बंगले का आवंटन नहीं है, बल्कि भारत की उस पुरातन परंपरा का प्रतीक है, जहां शरणागत को शरण और संत को सम्मान दिया जाता है।
आवंटन के साथ ही बंगले की सुरक्षा को अभेद्य बनाने का काम भी युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। चारदीवारी के किनारे ऊंचे हरे रंग के मेटल पैनल लगाए गए हैं, जिनके ऊपर कंटीले तारों का पहरा है। मुख्य प्रवेश द्वार को और अधिक सुदृढ़ किया गया है और बाहर एक अत्याधुनिक सुरक्षा केबिन भी बनाया गया है। बंगले के बाहर अभी कोई नेमप्लेट नहीं लगी है, लेकिन अंदर की तैयारियां बता रही हैं कि यहां जल्द ही शांति और करुणा का केंद्र स्थापित होगा।
गौरतलब है कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने इन अतिरिक्त सुरक्षा इंतजामों के लिए 34.94 लाख रुपये का टेंडर जारी किया था।
दलाई लामा के कार्यालय के अनुसार 14वें दलाई लामा तेंजिन ग्यात्सो की बढ़ती उम्र को देखते हुए यह व्यवस्था बेहद आवश्यक हो गई थी। यात्राओं के दौरान होटलों में ठहरना और वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा था। इन्हीं व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए विदेश मंत्रालय और दलाई लामा के कार्यालय के बीच तालमेल से यह निर्णय लिया गया। अब दिल्ली प्रवास के दौरान दलाई लामा को एक सुरक्षित और स्थायी निवास मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया