डिग्री केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और समर्पण का प्रतीक : अनुराग शर्मा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धर्मशाला, 28 नवंबर (हि.स.)। डिग्री केवल कागज का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और समर्पण का प्रतीक है। डिग्री ग्रहण करने के पश्चात छात्र अपने अर्जित ज्ञान का उपयोग प्रयोगात्मक स्तर पर करते हैं और देश सहित मानवता के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने श्री साईं विश्वविद्यालय पालमपुर में आयोजित चौथे दीक्षांत समारोह के दौरान यह बात कही।
वह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद ने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक उपाधियां प्रदान की तथा उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सांसद अनुराग शर्मा ने डिग्री प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन उनकी वर्षों की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है जहां वह अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से समाज एवं देश को नई दिशा देने में योगदान देंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखने, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा जीवन में आने वाली चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने का आह्वान किया।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं में अपार प्रतिभा और संभावनाएं हैं। प्रदेश के युवा शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन, चिकित्सा एवं उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले ही नहीं बल्कि रोजगार के अवसर पैदा करने वाले भी बनें।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एसके पुंज सहित अन्य प्रबंधक शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया