Live VNS

कांगड़ा के नशा तस्कर की 78.26 लाख रुपये की सम्पत्तियां होंगी जब्त, पुलिस ने कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी को भेजा पत्र

कांगड़ा के नशा तस्कर की 78.26 लाख रुपये की सम्पत्तियां होंगी जब्त, पुलिस ने कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी को भेजा पत्र

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धर्मशाला, 24 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए नशा तस्करों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत मुख्य आरोपी विकास शर्मा उर्फ किंग निवासी नटेहड़ के खिलाफ बड़ी वित्तीय जांच की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज सात अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान थाना प्रभारी कांगड़ा ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 68एफ (1) के तहत विस्तृत वित्तीय जांच की। जांच में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री से अर्जित आय से खरीदी गई संदिग्ध चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय परिसंपत्तियों का पता चला है।

इन संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 78,26,306 रुपये (78.26 लाख रुपये) आंका गया है। थाना प्रभारी द्वारा जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक जिला कांगड़ा को सौंपी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने 18 नवंबर 2026 को संबंधित संपत्तियों को जब्त और फ्रीज करने के संबंध में विचार एवं आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए मामला सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक को भेज दिया है।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों और वित्तीय नेटवर्क की भी गहन जांच की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियानों के साथ-साथ नशा तस्करों की अवैध कमाई पर कार्रवाई का अभियान भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…