Live VNS

लोक निर्माण विभाग की दरियादिली, तीन साल तक काम लटकाने वाली कंपनी को फिर मिला सड़क अपग्रेडेशन का कार्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धर्मशाला, 25 नवंबर (हि.स.)।

धर्मशाला के दाड़नू-इंद्रूनाग-चोहला और कोतवाली-खड़ा डंडा-भागसूनाग सड़क मार्गों के अपग्रेडेशन कार्यों में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-थ्री के तहत करीब साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत से होने वाले पैकेज 439 और 440 के कार्यों को तीन साल तक लटकाने वाली कंपनी को विभाग ने दोबारा काम अवार्ड कर दिया है। जुलाई में इसी कंपनी का अनुबंध समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद विभाग ने समिति गठित कर लंबित कार्यों का क्लोजर करने और नए सिरे से टेंडर लगाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी, लेकिन अब उसी कंपनी को फिर से काम सौंपे जाने से दोनों सड़क परियोजनाएं एक बार फिर अधर में लटकती नजर आ रही हैं।

हैरानी की बात है कि दोनों कार्यों को पहले 31 मार्च 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं होने के बाद इसकी समयसीमा मार्च 2026 तक बढ़ाई गई, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर निर्माण कार्य गति नहीं पकड़ पाया। करीब 60 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया था, जबकि शेष काम लंबे समय से लटका हुआ है। विभाग की ओर से ठेकेदार कंपनी को कार्य में तेजी लाने के लिए कई नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर जुलाई में कंपनी को टर्मिनेट कर दिया गया था। अनुबंध समाप्त करने के बाद कार्य क्लोज करने के लिए दो बार नोटिस भी जारी किए गए थे। अब विभाग की ओर से दोबारा उसी कंपनी को काम सौंपे जाने से विभागीय कार्रवाई और नए सिरे से टेंडर लगाने की तैयारी पर भी सवाल उठ रहे हैं।

इन सड़कों की बदहाली का खामियाजा स्थानीय लोगों के साथ-साथ धर्मशाला और भागसूनाग घूमने आने वाले पर्यटकों को भी भुगतना पड़ रहा है। सड़क मार्गों की खराब स्थिति के चलते पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से बसों की आवाजाही बंद है। लोगों को आवाजाही के लिए अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं पर्यटन कारोबार पर भी इसका असर पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब तीन साल तक कंपनी निर्धारित कार्य पूरा नहीं कर पाई और विभाग को उसका अनुबंध समाप्त करना पड़ा तो फिर उसी कंपनी को दोबारा काम सौंपने की जरूरत क्यों पड़ी। अब स्थानीय लोगों को एक बार फिर निर्माण कार्य जल्द पूरा होने का इंतजार है।

उधर, लोक निर्माण विभाग धर्मशाला डिवीजन के अधिशासी अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि दोनों सड़क का कार्यों को दोबारा संबंधित कंपनी को अवार्ड किया गया है। कंपनी को जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…