रामबन के सुलाई शहद को पहचान दिला रहीं कठुआ की कन्नू प्रिया, जीआई टैग वाले शहद को पहुंचा रहीं घर-घर’

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कठुआ, 22 नवंबर (हि.स.)। कठुआ के जंगलोट की रहने वाली कन्नू प्रिया ने जम्मू-कश्मीर के एक ऐसे दुर्लभ शहद को अपनी पहचान बनाया है जिसके बारे में खुद प्रदेश के अधिकतर लोगों को भी जानकारी नहीं है। कन्नू प्रिया रामबन से मिलने वाले सुलाई शहद का काम करती हैं जिसे स्थानीय लोग वन तुलसी या वाइल्ड तुलसी का शहद भी कहते हैं।
कन्नू प्रिया ने बताया कि यह शहद एक खास पौधे से बनता है जो केवल रामबन के जंगलों में ही पाया जाता है। जब मधुमक्खियां इसी पौधे से नेक्टर इकट्ठा करती हैं तो उससे सुलाई शहद तैयार होता है। यह शहद इतना दुर्लभ है कि यह जम्मू-कश्मीर के अलावा पूरे भारत में कहीं और नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि इस शहद की खासियत को देखते हुए भारत सरकार ने कुछ साल पहले इसे जीआई टैग भी दिया है। वर्ष 2015-16 के आसपास जब ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय भारत दौरे पर आई थीं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें जो उपहार दिए थे उनमें रामबन का यही सुलाई शहद भी शामिल था।
कन्नू प्रिया ने जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय से मास्टर्स किया है। उन्होंने बताया कि मास्टर्स के अंतिम वर्ष में विश्वविद्यालय में एंटरप्रेन्योरशिप को लेकर कई वर्कशॉप हुए जिनमें विद्यार्थियों को स्टार्टअप के लिए प्रेरित किया गया। उसी दौरान उनके मन में विचार आया कि वह किसी ऐसे उत्पाद पर काम करें जो प्रदेश की अपनी विशेष पहचान रखता हो। घर पर चर्चा के दौरान माता-पिता ने भी उन्हें पूरा सहयोग दिया और कहा कि अगर तुम चाहती हो तो जरूर करो। इससे पहले मास्टर्स के दौरान उन्होंने मशरूम पर शोध कार्य किया था। उसी दौरान खोजबीन करते हुए उन्हें पता चला कि प्रदेश में एक ऐसा खास शहद मिलता है जो बेहद दुर्लभ है और लोगों को इसके बारे में लगभग कोई जानकारी नहीं है। बाद में जब उन्हें रामबन से इस शहद को सोर्स करने का मौका मिला और वहां के मधुमक्खी पालकों से मुलाकात हुई तो उन्होंने इसी को अपना स्टार्टअप बनाने का फैसला किया। अब वह रामबन के बी-कीपर्स से शुद्ध रॉ हनी लेकर उसे ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं। कन्नू प्रिया का कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ व्यापार करना नहीं बल्कि जम्मू-कश्मीर के इस दुर्लभ शहद की पहचान को देशभर में पहुंचाना है ताकि स्थानीय मधुमक्खी पालकों को भी इसका सीधा लाभ मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया