Live VNS

कानपुर देहात में छह निरीक्षकों की नई तैनाती, थानों में मिली प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी

कानपुर देहात में छह निरीक्षकों की नई तैनाती, थानों में मिली प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर देहात, 27 नवंबर (हि.स.)।जनपद की कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में छह निरीक्षकों की नई तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने 26 नवंबर 2026 को जारी आदेश में निरीक्षकों को उनके नए तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय के अनुपालन में जारी इस आदेश के तहत पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में तैनात निरीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में कई पुलिसकर्मियों के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद जिले में पुलिस व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह तैनाती की गई है।

आदेश के अनुसार निरीक्षक राजेंद्र विक्रम सिंह को पुलिस लाइन से थाना सिकंदरा का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला को पुलिस लाइन से थाना अकबरपुर, जबकि निरीक्षक दिनेश कुमार को पुलिस लाइन से थाना राजपुर का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में निरीक्षक सुनील सिंह परिहार को थाना अकबरपुर में अतिरिक्त निरीक्षक के पद से थाना मंगलपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह को पुलिस लाइन से थाना भोगनीपुर तथा निरीक्षक रुद्रप्रताप नारायण त्रिपाठी को पुलिस लाइन से थाना शिवली का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित निरीक्षकों को तत्काल नए तैनाती स्थल पर रवाना होकर कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन आख्या गोपनीय कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जनपद में अपने तीन वर्ष पूरे करने के बाद कुछ दिन पहले जनपद में तैनात लगभग सभी थाना प्रभारियों के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद यह जनपद में नई तैनाती मिली है। पुलिस विभाग के इस फेरबदल को जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और थानों में आवश्यक पुलिस नेतृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…